तम्बौर में मच्छरों का बढ़ता प्रकोप, सभासद ज़ईम खान के ज्ञापन के बाद भी पूरे कस्बे को नहीं मिली राहत; कुछ जगहों पर छिड़काव कराकर पूरी की गई औपचारिकता!
तम्बौर, सीतापुर। नगर पंचायत तम्बौर में मच्छरों का बढ़ता प्रकोप कस्बेवासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। कस्बे के कई इलाकों में मच्छरों की भरमार है, लेकिन नगर पंचायत प्रशासन की ओर से की जा रही कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि मच्छरों से बचाव के लिए प्रभावी कदम उठाने की जरूरत है, लेकिन अब तक उन्हें कोई खास राहत नहीं मिल सकी है।
मच्छरों की समस्या को लेकर सभासद ज़ईम खान ने कुछ दिन पहले नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कस्बे में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराने की मांग की थी। सभासद ने ज्ञापन के माध्यम से लोगों की परेशानी को प्रशासन के सामने रखा था। इसके बाद नगर पंचायत की ओर से कुछ स्थानों पर दवा का छिड़काव कराया गया।
हालांकि, छिड़काव की कार्रवाई को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ज्ञापन के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने केवल कुछ चुनिंदा स्थानों पर ही छिड़काव कराकर औपचारिकता पूरी कर दी। जबकि कस्बे के अन्य मोहल्लों और गलियों में मच्छरों का प्रकोप पहले की तरह बना हुआ है। लोगों का कहना है कि कुछ स्थानों पर छिड़काव कराने से पूरे नगर पंचायत क्षेत्र की समस्या का समाधान नहीं हो सकता।
ज्ञापन के बाद कार्रवाई, लेकिन आम जनता को राहत कब?
सभासद ज़ईम खान द्वारा ज्ञापन सौंपे जाने के बाद छिड़काव तो कराया गया, लेकिन सवाल यह है कि क्या नगर पंचायत की जिम्मेदारी केवल कुछ स्थानों पर दवा का छिड़काव कराने तक ही सीमित है? जब मच्छरों की समस्या पूरे कस्बे में है तो सभी वार्डों और मोहल्लों में नियमित रूप से एंटी लार्वा दवा का छिड़काव और फॉगिंग क्यों नहीं कराई जा रही है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत प्रशासन को अभियान चलाकर पूरे कस्बे में छिड़काव कराना चाहिए, ताकि लोगों को मच्छरों से वास्तविक राहत मिल सके। केवल तस्वीरों में दिखाई देने वाली कार्रवाई से जनता की समस्या दूर नहीं होगी।
अधिशासी अधिकारी की उपलब्धता को लेकर भी उठ रहे सवाल
मच्छरों की समस्या के अलावा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी की कार्यालय में उपलब्धता को लेकर भी स्थानीय लोगों की शिकायतें हैं। लोगों का कहना है कि किसी जनसमस्या या शिकायत के संबंध में अधिशासी अधिकारी से मुलाकात करने के लिए नगर पंचायत कार्यालय पहुंचने पर अक्सर उनसे मुलाकात नहीं हो पाती। ऐसे में आम नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें किसके सामने रखें, यह भी एक बड़ा सवाल बना हुआ है।
जनता का कहना है कि नगर पंचायत कार्यालय में जिम्मेदार अधिकारियों की उपलब्धता सुनिश्चित होनी चाहिए, ताकि लोग अपनी समस्याओं को सीधे अधिकारियों तक पहुंचा सकें और उनका समय से समाधान हो सके।
अब नगर पंचायत प्रशासन से लोगों के सवाल
- पूरे तम्बौर में नियमित एंटी लार्वा छिड़काव कब कराया जाएगा?
- मच्छरों से बचाव के लिए सभी वार्डों में फॉगिंग की व्यवस्था कब होगी?
- कुछ स्थानों पर छिड़काव कराने के बजाय पूरे कस्बे को राहत क्यों नहीं दी जा रही?
- जनसमस्याओं को सुनने के लिए अधिशासी अधिकारी की कार्यालय में उपलब्धता कब सुनिश्चित होगी?
फिलहाल तम्बौर के लोगों को नगर पंचायत प्रशासन से ठोस कार्रवाई का इंतजार है। अब देखना होगा कि सभासद ज़ईम खान के ज्ञापन के बाद शुरू हुई कार्रवाई केवल कुछ स्थानों तक सीमित रहती है या प्रशासन पूरे कस्बे में नियमित छिड़काव कराकर लोगों को मच्छरों से राहत दिलाता है।
Live UP 18 News ताजा खबरें | सीतापुर | उत्तर प्रदेश 🌐 https://liveup18news.com